New Parcel Pickup Service Launched by India Post in Agar Malwa: Home & Shop Pickup, Booking and Tracking Available|आगर मालवा में डाक विभाग की नई पार्सल पिकअप सेवा: घर-दुकान से पार्सल भेजने, बुकिंग और ट्रैकिंग की सुविधा

आगर मालवा में भारतीय डाक विभाग ने नई पार्सल पिकअप और बुकिंग सेवा की शुरुआत की है। इस नई सुविधा के बारे में लोगों और व्यापारियों को जागरूक करने के लिए शनिवार को शहर में एक रैली आयोजित की गई। रैली माधवगंज स्थित डाकघर से शुरू होकर शहर के प्रमुख बाजारों से होते हुए गुजरी। इस दौरान डाक विभाग के कर्मचारियों ने दुकानदारों और आम लोगों से संपर्क कर नई सेवा की जानकारी दी और बताया कि अब पार्सल भेजना पहले से अधिक आसान हो जाएगा।

घर से ही होगा पार्सल पिकअप

नई सेवा के तहत अब ग्राहकों को पार्सल भेजने के लिए डाकघर आने की आवश्यकता नहीं होगी। ग्राहक मोबाइल ऐप, वेबसाइट या सीधे डाक विभाग से संपर्क कर पार्सल पिकअप का अनुरोध कर सकते हैं। इसके बाद डाक विभाग का कर्मचारी घर, दुकान या प्रतिष्ठान पर पहुंचकर पार्सल ले जाएगा। पार्सल लेने के बाद उसकी बुकिंग की जाएगी और ग्राहक को रसीद प्रदान की जाएगी। डाक विभाग के अनुसार यह सेवा निजी कूरियर सेवाओं की तुलना में कम खर्चीली होगी।

व्यापारियों के लिए खास सुविधा

माधवगंज डाकघर के उप-संभागीय निरीक्षक निकेश कुमार ने बताया कि यह सेवा व्यापारियों और नियमित रूप से पार्सल भेजने वाले ग्राहकों के लिए बहुत उपयोगी साबित होगी। डाक विभाग के बड़े नेटवर्क के कारण यह सुविधा शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी उपलब्ध कराई जाएगी।

ऑनलाइन ट्रैकिंग की सुविधा

इस सेवा के माध्यम से ग्राहकों को घर से पार्सल पिकअप, बुकिंग और ऑनलाइन ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इससे लोगों का समय बचेगा और छोटे दुकानदारों व घर से व्यवसाय करने वालों को देशभर में सामान भेजने में आसानी होगी। इस अवसर पर उप-डाकपाल रामगोपाल राठौर, डाक सहायक अंबाराम चौहान, राजेश सिलोरिया, सीनियर पोस्टमैन गोपाल सिंह चौहान सहित आगर मालवा डाकघर के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *