![]()
इंदौर में एक नाबालिग छात्रा को इंस्टाग्राम के माध्यम से प्रेमजाल में फंसाकर उससे छेड़छाड़ की गई और धमकाकर घर से जेवर और नकदी ले ली गई। छात्रा की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ छेड़छाड़, पॉक्सो एक्ट और धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
हीरानगर पुलिस के अनुसार आरोपी युवक का नाम कुंज चौहान है। छात्रा की मां ने गुरुवार को थाने पहुंचकर बताया कि उनकी बेटी पिछले दो-तीन महीने से डरी हुई रहती थी और घर से कम ही निकलती थी। जब कारण पूछा गया तो वह कुछ नहीं बता रही थी।
मां के अनुसार फरवरी में अलमारी का लॉकर खोला गया तो उसमें रखे जेवर और नकदी गायब मिले। अलमारी लॉक था और चाबी अपनी जगह पर थी। पहले परिवार ने घर में काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद माता-पिता ने बेटी से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने पूरी घटना बताई।
छात्रा ने बताया कि दिसंबर में उसकी इंस्टाग्राम पर कुंज चौहान से दोस्ती हुई। इसके बाद वह कोचिंग आने-जाने के दौरान मिलने लगा। कुछ समय बाद उसने छात्रा को धमकाना शुरू कर दिया। 6 जनवरी को आरोपी ने उसे मेघदूत नगर के पास मिलने बुलाया। वहां वह कार से आया और खजराना मंदिर ले गया।
वापसी के दौरान कार में उसने छात्रा के साथ गलत तरीके से छेड़छाड़ की और किसी को बताने पर बदनाम करने की धमकी दी। इसके बाद उसने कहा कि उसका कोर्ट केस चल रहा है और कुछ समय के लिए जेवर और नकदी लाने को कहा। छात्रा ने मना किया, लेकिन आरोपी ने चाकू दिखाकर डराया और बदनाम करने की धमकी दी। डर के कारण छात्रा ने घर से जेवर लेकर उसे दे दिए। कुछ समय बाद आरोपी ने छात्रा से बातचीत बंद कर दी।
गुरुवार रात छात्रा के माता-पिता थाने पहुंचे और टीआई सुशील पटेल को पूरी जानकारी दी। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












Leave a Reply