![]()
सागर जिले के राहतगढ़ थाना क्षेत्र से लापता हुई एक 15 वर्षीय नाबालिग को पुलिस ने गुजरात से बरामद किया है। थाने लाकर नाबालिग से पूछताछ की गई, जिसमें उसने एक युवक का नाम बताया और उस पर जबरदस्ती दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी को गिरफ्तार कर रविवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, राहतगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली यह नाबालिग 23-24 अक्टूबर की रात बिना बताए घर से चली गई थी। जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
नाबालिग की तलाश के लिए पुलिस ने एक टीम गठित की और साइबर सेल की भी मदद ली गई। जांच के दौरान टीम ने विदिशा, रायसेन, छतरपुर और झांसी जैसे स्थानों पर लोकेशन के आधार पर खोजबीन की, लेकिन शुरुआत में सफलता नहीं मिली।
इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि नाबालिग की लोकेशन गुजरात के राजकोट के मोरबी क्षेत्र में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गुजरात पहुंची और लोकेशन के आधार पर दबिश देकर नाबालिग को दस्तयाब कर लिया। साथ ही उसे साथ ले जाने वाले आरोपी को भी हिरासत में लिया गया। दोनों को सागर लाया गया, जहां नाबालिग के बयान दर्ज किए गए।
राहतगढ़ थाना प्रभारी मुकेश सिंह ठाकुर के अनुसार, पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी कमल किशोर कुशवाहा के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।












Leave a Reply