![]()
अनूपपुर पुलिस ने हैदराबाद से लौट रहे दो मजदूरों के साथ हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए सोमवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। घटना 8 मार्च की रात की है, जब आरोपियों ने बियर की बोतल तोड़कर मजदूरों को जान से मारने की धमकी दी और उनके कीमती मोबाइल व नकदी लूट ली।
राकेश कुमार केवट, निवासी बिजुरी, अपने साथी चमनलाल के साथ ट्रेन से अनूपपुर पहुंचे थे। ट्रेन के विलंब होने के कारण वे पुरानी सब्जी मंडी स्थित सुलभ शौचालय परिसर में रुके। इसी दौरान धर्मेंद्र वंशकार, राज वंशकार, भीमसेन उर्फ भिम्मा और राहुल वंशकार ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने राकेश के पेट पर बियर की बोतल अड़ा दी और 19,000 रुपए मूल्य का मोबाइल तथा 1,400 रुपए नकद लूटकर बाइक से फरार हो गए।
पुलिस टीम ने आरोपियों को घेराबंदी कर दबोच लिया। पीड़ित की शिकायत पर थाना अनूपपुर में बीएनएस की धारा 309(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी अरविंद जैन के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, नकदी और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।
जांच में पता चला कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से ही चोरी, मारपीट, अवैध उगाही और धमकी देने जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उनके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान ने सभी चारों आदतन अपराधियों को जिलाबदर करने के आदेश दिए।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में धर्मेंद्र वंशकार (31), राज वंशकार (21), भीमसेन (31) और राहुल वंशकार (28) शामिल हैं। कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद सभी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक पवन प्रजापति, संतोष वर्मा और अन्य आरक्षकों ने मुख्य भूमिका निभाई।












Leave a Reply