![]()
कटनी जिले में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर रोक लगाने के उद्देश्य से सोमवार को जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। संयुक्त जांच दल ने माधवनगर गेट क्षेत्र में औचक निरीक्षण करते हुए अवैध रूप से रखे गए 22 गैस सिलेंडर और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल-कांटा जब्त किया।
प्रशासन को सूचना मिली थी कि माधवनगर गेट के पास स्थित सूरज बालानी के मकान में गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर संयुक्त जांच दल ने मौके पर पहुंचकर बालानी के परिसर में संचालित दो दुकानों की विस्तृत जांच की।
जांच के दौरान परिसर में कुल 22 घरेलू गैस सिलेंडर (प्रत्येक 14.2 किलोग्राम) बिना अनुमति के रखे पाए गए। इनमें एचपीसीएल के 5 भरे और 1 खाली सिलेंडर, आईओसीएल के 6 खाली सिलेंडर तथा बीपीसीएल के 10 खाली सिलेंडर शामिल थे।
पूछताछ के दौरान संदेही सूरज बालानी ने बताया कि वह अपने घर में इलेक्ट्रॉनिक तौल-कांटे की मदद से सिलेंडरों में गैस की मात्रा में हेरफेर करता था और बाद में उन्हें अन्य लोगों को बेच देता था।
सहायक आपूर्ति अधिकारी पीयूष कुमार शुक्ल ने मौके से सभी 22 सिलेंडर और इलेक्ट्रॉनिक तौल-कांटा जब्त कर लिया। सुरक्षा की दृष्टि से जब्त की गई सामग्री को अशोक गैस एजेंसी के संचालक संदीप यादव की सुपुर्दगी में दिया गया है।
सहायक आपूर्ति अधिकारी के अनुसार यह मामला द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश 2000 के प्रावधानों का उल्लंघन है। आरोपी के विरुद्ध प्रकरण तैयार कर कलेक्टर न्यायालय कटनी में प्रस्तुत किया जाएगा।












Leave a Reply