![]()
हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने सोमवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री, खाद्य मंत्री और प्रमुख सचिव खाद्य विभाग, भोपाल को पत्र लिखकर गेहूं का समर्थन मूल्य 2700 रुपए प्रति क्विंटल तय करने की मांग की है।
विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि राज्य सरकार ने किसानों से गेहूं खरीदी पर 40 रुपए प्रति क्विंटल बोनस देने की घोषणा की है। लेकिन लगातार बढ़ती कृषि लागत और किसानों की वास्तविक स्थिति को देखते हुए यह राशि पर्याप्त नहीं है।
डॉ. दोगने ने कहा कि किसान बीज, उर्वरक, कीटनाशक, डीजल, बिजली और मजदूरी जैसी आवश्यक कृषि सामग्री की लगातार बढ़ती कीमतों से जूझ रहे हैं। खेती की लागत में भारी वृद्धि होने के बावजूद उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। ऐसी परिस्थितियों में 40 रुपए प्रति क्विंटल का बोनस किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं कर सकता।
मध्य प्रदेश देश के प्रमुख गेहूं उत्पादक राज्यों में से एक है और लाखों किसान परिवार अपनी आजीविका के लिए गेहूं उत्पादन पर निर्भर हैं। यदि किसानों को उनकी उपज का न्यायोचित मूल्य नहीं मिलेगा, तो उनकी आर्थिक स्थिति और कमजोर होगी।
इसलिए, विधायक ने सरकार से आग्रह किया है कि किसानों की मेहनत और बढ़ती लागत को ध्यान में रखते हुए गेहूं का समर्थन मूल्य 2700 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया जाए। इससे किसानों को उनकी उपज का सम्मानजनक मूल्य मिलेगा और प्रदेश के कृषि क्षेत्र को मजबूती प्राप्त होगी।












Leave a Reply