![]()
चैत्र नवरात्रि के अवसर पर सागर जिले के देवरी नगर में शिव शक्ति महाशतचंडी यज्ञ एवं संगीतमय शिव पुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत से पूर्व नगर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें पूरा शहर शिवभक्ति के जयकारों से गूंज उठा।
इस शोभायात्रा में भगवान शिव की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। तीन मनमोहक झांकियों ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया, जिनमें शिव-पार्वती की पालकी प्रमुख रही। इसके अलावा दूसरी पालकी में बाबा महाकाल के स्वरूप की भव्य झांकी प्रस्तुत की गई, जिसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। नगर सेठानी खेरापति माता की विशेष झांकी भी इस यात्रा का अहम हिस्सा रही।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु डीजे और शहनाई की मधुर धुनों पर झूमते और थिरकते हुए आगे बढ़ते रहे। नगर के विभिन्न स्थानों पर शोभायात्रा का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया।
यह यात्रा यज्ञ आचार्य गोविंद प्रसाद शास्त्री के सानिध्य में खेरापति मंदिर से विधि-विधान के साथ प्रारंभ हुई। यहां से निकलकर यात्रा बस स्टैंड होते हुए झुनकू पुल पहुंची, जहां नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धापूर्वक स्वागत किया। इसके बाद यह नगर पालिका चौराहा होते हुए पुनः खेरापति मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया, जो पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर मंगल कलश धारण किए हुए थीं। पीले और लाल वस्त्रों में सजी महिलाओं की कतारों ने पूरे नगर में उत्सव जैसा वातावरण बना दिया।












Leave a Reply