Elderly Man’s Body Found on Road in Damoh, Cold-Related Attack Suspected | दमोह में सड़क किनारे मिला बुजुर्ग का शव, तेज ठंड से अटैक आने की आशंका – Damoh News

दमोह जिले के तेंदूखेड़ा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव सड़क के किनारे मिला। यह शव डबल लॉक गोदाम के पास देखा गया। बाद में मृतक की पहचान खकरिया नरगुवा गांव निवासी 65 वर्षीय उत्तम सिंह लोधी के रूप में हुई। प्रारंभिक स्तर पर ठंड के कारण तबीयत बिगड़ने और अटैक आने की आशंका जताई जा रही है।

सुबह टहलने निकले लोगों ने सबसे पहले सड़क पर शव पड़ा देखा और इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही तेंदूखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर तेंदूखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। दोपहर में परिजन अस्पताल पहुंचे, जिसके बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई।

परिजनों के अनुसार, मृतक रोजाना अपने गांव से तेंदूखेड़ा आया-जाया करते थे। उनके नाती जगदीश सिंह लोधी ने बताया कि उत्तम सिंह लोधी प्रतिदिन शाम तक घर लौट आते थे, लेकिन गुरुवार रात वे वापस नहीं पहुंचे। शुक्रवार सुबह उनकी मृत्यु की सूचना मिली।

डॉक्टरों का कहना है कि अत्यधिक ठंड के कारण बुजुर्ग को अटैक आने की संभावना हो सकती है। आशंका है कि रात के समय वे सड़क पर गिर गए होंगे और लंबे समय तक ठंड में पड़े रहने के कारण शरीर अकड़ गया।

इस मामले में प्रधान आरक्षक महेश ठाकुर ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा चुका है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *