Elderly Farmer Dies After Pesticide Exposure in Betul While Opening Bottle Cap|बैतूल में कीटनाशक के संपर्क से बुजुर्ग किसान की मौत, बोतल का ढक्कन मुंह से खोलते समय हुआ हादसा



बैतूल जिले के सारणी थाना क्षेत्र के ग्राम सलैया में कीटनाशक के संपर्क में आने से एक 81 वर्षीय बुजुर्ग किसान की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब वे खेत में काम कर रहे थे। जानकारी के मुताबिक, सलैया निवासी बाबूलाल यादव (81) 16 मार्च की शाम करीब 4 बजे अपने खेत में कीटनाशक छिड़काव की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कीटनाशक की बोतल का ढक्कन मुंह से खोलने की कोशिश की। इस दौरान जहरीला पदार्थ उनके शरीर में चला गया, जिसके कुछ समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।

घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें घोड़ाडोंगरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया गया।

जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में भर्ती किया, लेकिन गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गुरुवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

परिजनों के अनुसार, बाबूलाल यादव के परिवार में चार संतानें हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। वे वर्ष 2000 में वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) से सेवानिवृत्त हुए थे और इसके बाद से खेती कर रहे थे। पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना पूरी तरह दुर्घटनावश हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *