आलीराजपुर में मुस्लिम समुदाय ने ईद का पर्व पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया। शनिवार को सुबह 9 बजे ईदगाह मैदान में मुख्य सामूहिक नमाज अदा की गई। नमाज का नेतृत्व जामा मस्जिद के पेश इमाम द्वारा किया गया।
सुबह के समय, समाज के लोग करीब 8 बजे जामा मस्जिद चौक पर एकत्रित हुए। इसके बाद शहर काजी सैयद अफजल मियां, सैयद फरीद मियां, सैयद अशफाक मियां और सैयद मोहसिन मियां के नेतृत्व में जुलूस के रूप में लोग ईद की नमाज अदा करने के लिए रवाना हुए। यह जुलूस स्थानीय कब्रिस्तान स्थित ईदगाह मैदान तक पहुंचा।
पर्व के दौरान छोटे बच्चे आकर्षक और पारंपरिक परिधानों में नजर आए, जिससे माहौल और भी खुशनुमा हो गया। सामूहिक नमाज के बाद देश और नगर में अमन-चैन तथा खुशहाली के लिए दुआ की गई। नमाज के पश्चात ईदगाह मैदान में ईद मिलन का कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।
ईद के मौके पर समाज के लोगों ने एक-दूसरे को शीर खुरमा और सेंवइयां खिलाकर खुशियां साझा कीं। परंपरा के अनुसार बड़ों ने बच्चों को ईदी के रूप में नकद राशि भी दी।
नमाज और भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। शहर के प्रमुख चौराहों और नमाज स्थल पर पुलिस बल तैनात रहा। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों ने भी उपस्थित होकर ईद की खुशियों में भाग लिया और लोगों से मिलकर उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं। इनमें एसडीएम तपिश पांडे, एसडीओपी अश्विनी कुमार, थाना प्रभारी सोनू सितोले, यातायात प्रभारी वस्कले सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
ईद से पहले की व्यवस्थाओं को लेकर Imtiaz Khan (जामा मस्जिद सदर), Alauuddin Chanderi (बाहरपुरा मस्जिद सदर) और Sakir Ruby (कब्रिस्तान कमेटी सदर) ने रमजान माह के दौरान सुचारु व्यवस्थाओं के लिए नगर पालिका प्रशासन, पुलिस प्रशासन और बिजली विभाग का आभार व्यक्त किया।












Leave a Reply