Dumper Collides with Tractor-Trolley Loaded with Maize: One Dead, Body Recovered After Effort; Tractor Driver Critically Injured|मक्का से भरी ट्रॉली को डंपर ने मारी टक्कर: एक की मौत, काफी मशक्कत के बाद निकाला शव, ट्रैक्टर चालक गंभीर घायल


बैतूल

जिले के बैतूल बाजार थाना क्षेत्र के तेड़ा जोड़ के पास भोगी टेड़ा नाले के समीप बीती रात सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बड़ा हादसा हो गया।

हादसे में डंपर चालक 45 वर्षीय पर्वत गुलबराव की मौके पर ही मौत हो गई। वे सांवनगी, आठनेर के निवासी थे और एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्यरत थे। सोमवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

जानकारी के अनुसार, सेहरा निवासी करण अमरूते ट्रैक्टर-ट्रॉली में मक्का भरकर बैतूल कृषि मंडी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और करण अमरूते गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद डंपर चालक केबिन में फंस गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला गया। 112 वाहन की सहायता से उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी अंजना धुर्वे के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *