Cows Mysteriously Disappearing in Rewa, Residents of Ward 37 Submit CCTV Footage to SP Office|रीवा में रहस्यमयी तरीके से गायब हो रहीं गायें, वार्ड 37 के लोग सीसीटीवी फुटेज लेकर एसपी ऑफिस पहुंचे

रीवा शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 37 से गायों के रहस्यमयी तरीके से गायब होने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर क्षेत्र के लोगों में चिंता के साथ-साथ आक्रोश भी देखा जा रहा है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से वार्ड क्रमांक 37 इलाके से गायें अचानक लापता हो रही हैं। वार्डवासियों का कहना है कि कई बार देर रात कुछ अज्ञात युवक गायों को घसीटते हुए अपने साथ ले जाते दिखाई दिए हैं।

इस घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक एक गाय को जबरन अपने साथ ले जाते हुए नजर आ रहे हैं। इस फुटेज के सामने आने के बाद इलाके के लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

मामले को गंभीर मानते हुए वार्ड क्रमांक 37 के कई लोग सोमवार को रीवा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए गायों के गायब होने की घटनाओं की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मामले को लेकर सिटी कोतवाली थाना में पहले ही शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अब तक पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है।

वार्डवासियों का कहना है कि यदि समय रहते इस मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो शहर में आवारा मवेशियों के साथ इस तरह की घटनाएं और बढ़ सकती हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द से जल्द उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में गायों के गायब होने की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *