![]()
उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के कार्यों से आम जनता को हो रही परेशानियों को लेकर शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय का घेराव किया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि लगातार सड़क खुदाई के कारण आम लोग, दुकानदार और स्थानीय निवासी गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोयला फाटक से नगर निगम तक पैदल मार्च किया और प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई।
मुकेश भाटी ने कहा कि शहर के कई क्षेत्रों में सड़क चौड़ीकरण के नाम पर लगातार खुदाई की जा रही है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सड़कों पर धूल और अव्यवस्था के कारण आसपास के दुकानदारों का व्यापार प्रभावित हो रहा है, जबकि रहवासी भी असुविधाओं का सामना कर रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जिन लोगों की संपत्तियां इस चौड़ीकरण कार्य से प्रभावित हो रही हैं, उन्हें अब तक उचित मुआवजा नहीं मिला है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि प्रस्तावित मार्गों की चौड़ाई को कम किया जाए और प्रभावित लोगों को बाजार मूल्य से दोगुना मुआवजा दिया जाए। साथ ही पीपली नाका और एमआर-4 रोड पर चल रहे चौड़ीकरण कार्य से प्रभावित रहवासियों और व्यापारियों को राहत देने की भी अपील की गई।












Leave a Reply