Congress Protests Rising LPG Cylinder Prices in Indergarh, Rally Held Against Government|इंदरगढ़ में गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ निकाली रैली


दतिया जिले के इंदरगढ़ में घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर शनिवार दोपहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ रैली निकालते हुए गैस सिलेंडर के दाम कम करने की मांग उठाई और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

यह प्रदर्शन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय राणा के नेतृत्व में आयोजित किया गया। रैली की शुरुआत अंबेडकर पार्क से हुई, जो रेलवे स्टेशन, शीतला मार्केट और मुख्य बाजार से होकर ग्वालियर चौराहे तक पहुंची।

रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के विरोध में प्रतीकात्मक प्रदर्शन भी किया। कई कार्यकर्ता सिर पर गैस सिलेंडर और लकड़ी के गट्ठर रखकर चलते नजर आए, जिसके माध्यम से उन्होंने रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के कारण आम लोगों को होने वाली परेशानी को दर्शाने का प्रयास किया।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “भाजपा सरकार मुर्दाबाद” और “गैस सिलेंडर के दाम कम करो” जैसे नारे लगाते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध जताया। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि घरेलू गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों से आम आदमी और गरीब परिवारों के घरेलू बजट पर सीधा असर पड़ रहा है और लोगों के लिए रसोई चलाना मुश्किल होता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *