Congress Protest Over Cylinder Shortage: Frying Pakoras on Stove to Show Protest, Raised Slogans Against Government|सिलेंडर की किल्लत पर कांग्रेस का प्रदर्शन: चूल्हे पर पकौड़े तलकर जताया विरोध, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी



रसोई गैस की बढ़ती किल्लत के कारण जिला कांग्रेस के शहर और ग्रामीण अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुरानी कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने चूल्हे पर पकौड़े तलकर और भाजपा की केंद्र एवं प्रदेश सरकार के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाकर अपनी नाराजगी जताई।

इससे पहले कांग्रेस ने शहर के मुख्य बाजार में रैली निकालकर प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष मधुराज तोमर के नेतृत्व में महिला कांग्रेस और अन्य कार्यकर्ताओं ने हाथ ठेले पर सिलेंडर की अर्थी निकाली। रैली हनुमान चौराहा, सिकरवार बाजार, मिर्च बजरिया और सराफा से होकर पुरानी कलेक्ट्रेट पहुँची, जहां उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारे लगाए। इस अवसर पर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चूल्हा जलाकर पकौड़े तलते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

जिला अध्यक्ष मधुराज तोमर के अनुसार, केंद्र की भाजपा सरकार ने जनता को सिर्फ लाइन में खड़ा करने के अलावा कुछ नहीं दिया। पहले नोटबंदी, फिर आधार कार्ड और अब गैस सिलेंडर के लिए लंबी लाइनें—और अगर सिलेंडर उपलब्ध हो भी जाए तो ग्राहक को खुद को खुशनसीब समझना पड़े। तोमर ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने जानबूझकर जनता को परेशानी में डाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *