Bulldozers Clear Encroachments for Four-Lane Project in Ratlam; 27 Houses and Shops Partially Demolished|रतलाम में फोरलेन निर्माण के लिए अतिक्रमण पर बुलडोजर चला, 27 मकान-दुकानों के हिस्से हटाए गए

रतलाम के लक्कड़पीठा रोड से बाजना बस स्टैंड तक बनने वाले फोरलेन मार्ग में आ रहे अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई सोमवार को की गई। नगर निगम का अमला बुलडोजर, जेसीबी और दल-बल के साथ मौके पर पहुंचा। कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन अधिकारियों ने मास्टर प्लान के तहत नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की बात कहकर विरोधियों को समझाया।

शहर के चांदनीचौक से लक्कड़पीठा रोड को 18 मीटर चौड़ा फोरलेन बनाया जा रहा है, जो पुराने बाजना बस स्टैंड तक जाएगा। नगर निगम ने क्षेत्र में पहले ही तय समय सीमा से आगे बने मकानों के मालिकों को नोटिस भेजकर अतिक्रमण हटाने को कहा था। हालांकि अक्टूबर-नवंबर में कुछ लोगों ने स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लिया था, कुछ का निगम ने हटाया और कुछ लोग अभी भी अतिक्रमण किए हुए थे। इससे कार्य की गति बाधित हो रही थी।

शुक्रवार को महापौर प्रहलाद पटेल ने अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया और सोमवार से सख्ती से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए। इसके तहत नगर निगम कमिश्नर अनिल भाना दल-बल के साथ क्षेत्र में पहुंचे और बुलडोजर व जेसीबी से अतिक्रमण में आ रहे मकानों और दुकानों के हिस्सों को हटाना शुरू किया।

अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई मास्टर प्लान के तहत फोरलेन निर्माण के लिए जरूरी है और नोटिस पहले ही दिए जा चुके थे। अतिक्रमण में दुकानों और मकानों के आगे का हिस्सा शामिल है।

चांदनी चौक से पुराने बाजना बस स्टैंड तक 600 मीटर लंबी पुरानी सड़क को 18 मीटर चौड़ा डामर फोरलेन बनाया जा रहा है, जिसमें 6.32 करोड़ रुपये खर्च होंगे। अक्टूबर-नवंबर माह में हुई नपती में 192 मकानों का 2 से 4 मीटर तक का अतिक्रमण पाया गया था। नोटिस के बाद कुछ लोगों ने अतिक्रमण हटा लिया, लेकिन शेष लगभग 27 मकानों और दुकानों का अतिक्रमण अब हटाया जा रहा है। नगर निगम कमिश्नर अनिल भाना ने बताया कि दो माह पहले सभी को नोटिस भेजे गए थे और 9 मार्च तक अंतिम अल्टीमेटम दिया गया था। कुछ लोगों ने अब तक अतिक्रमण नहीं हटाया, इसलिए कार्रवाई शुरू की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *