Action Against Public Drinking in Vidisha: 25 Fined as People Flee Leaving Bottles and Glasses Behind|विदिशा में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर कार्रवाई, पुलिस को देखते ही बोतल-गिलास छोड़कर भागे लोग


विदिशा में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान चलाया। मंगलवार रात सिविल लाइन थाना पुलिस ने शहर के अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए कुल 25 लोगों को पकड़ा और उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की। यह अभियान पुलिस अधीक्षक पुरोहित केशवानी के निर्देश पर संचालित किया गया।

देर रात तक चले इस अभियान के दौरान पुलिस टीम ने कई स्थानों पर दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही कई जगहों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ लोग पुलिस को देखते ही मौके से भागने लगे, जबकि कई लोग अपनी शराब की बोतलें और गिलास वहीं छोड़कर फरार हो गए।

कार्रवाई के दौरान पकड़े गए सभी 25 लोगों पर नियमों के उल्लंघन के चलते चालान किया गया। कुछ लोगों ने पुलिस से माफी भी मांगी, लेकिन नियम तोड़ने के मामले में पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए सभी के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। साथ ही उन्हें भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन न करने की चेतावनी भी दी गई।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शहर में कई लोग सड़क किनारे, चौराहों और सुनसान स्थानों पर बैठकर शराब पीते हैं। इससे आम नागरिकों को परेशानी होती है और कई बार विवाद की स्थिति भी बन जाती है। इसी वजह से ऐसे लोगों के खिलाफ यह अभियान चलाया जा रहा है।

सिविल लाइन थाना प्रभारी आर के मिश्र ने बताया कि शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *