भस्म आरती में रजत बिल्वपत्र व त्रिपुण्ड से सजा बाबा महाकाल का दिव्य श्रृंगार
Divine Adornment of Baba Mahakal with Silver Bilva Leaves and Tripund During Bhasma Aarti – Ujjain News
उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में शनिवार तड़के भस्म आरती के लिए मंदिर के कपाट खोले गए। इस दौरान बाबा महाकाल का विशेष और दिव्य श्रृंगार किया गया। भगवान महाकाल को रजत बिल्वपत्र, त्रिपुण्ड और आकर्षक आभूषण अर्पित किए गए, जिससे पूरा मंदिर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।
त्रिनेत्रधारी भगवान महाकाल को चंदन अर्पित किया गया, वहीं नंदी जी का स्नान, ध्यान और विधिवत पूजन संपन्न हुआ। जल से अभिषेक के बाद दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से बाबा महाकाल का पूजन किया गया। इसके पश्चात रजत चंद्र, त्रिशूल, मुकुट, भांग, चंदन, ड्रायफ्रूट और भस्म अर्पित की गई।
श्रृंगार के दौरान भगवान महाकाल ने शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुण्डमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों की माला धारण की। फल और मिष्ठान का भोग भी लगाया गया। झांझ-मंजीरे और डमरू की ध्वनि के बीच भस्म आरती संपन्न हुई।

भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गई। मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल भक्तों को निराकार से साकार रूप में दर्शन देते हैं।













Leave a Reply