इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र स्थित बिचौली मर्दाना में मंगलवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेंदुआ आबादी वाले इलाके में दिखाई दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात करीब साढ़े आठ बजे तेंदुआ सड़क पर दौड़ता हुआ आया और सामने से गुजर रहे एक बाइक सवार पर झपट पड़ा। युवक ने किसी तरह खुद को बचाया और वहां से निकल गया। पूरी घटना आसपास लगे कैमरे में भी रिकॉर्ड हुई है।
हमले के बाद तेंदुआ पास के एक मकान के बाथरूम में घुस गया। कुछ देर तक वहीं छिपा रहने के बाद वह बाहर निकला और श्रीजी वैली की दिशा में भाग गया। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर तलाश शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज से तलाश
तेंदुए की लोकेशन और मूवमेंट का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। साथ ही आसपास की कॉलोनियों और गांवों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
रातभर चला सर्च ऑपरेशन
वन विभाग की टीम ने देर रात तक इलाके में सर्चिंग अभियान चलाया। एहतियात के तौर पर पुलिस की गाड़ियां भी क्षेत्र में लगातार गश्त करती रहीं। लोगों से अपील की गई है कि बिना जरूरत रात में घरों से बाहर न निकलें और यदि कहीं तेंदुआ दिखाई दे तो तुरंत पुलिस या वन विभाग को सूचना दें।
प्राथमिक अनुमान है कि लगातार हो रही बारिश के कारण तेंदुआ खुड़ैल क्षेत्र के जंगल से निकलकर आबादी वाले इलाके में पहुंच गया।
वन विभाग ने क्या कहा
वन विभाग की रेंजर संगीता ठाकुर ने बताया कि रात करीब एक बजे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। शुरुआती जानकारी के अनुसार तेंदुआ रिहायशी क्षेत्र से निकलकर देवगुराड़िया की पहाड़ियों की ओर चला गया। फिलहाल उसकी मौजूदगी की कोई नई सूचना नहीं मिली है, लेकिन विभाग पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। सूचना मिलते ही टीम को तत्काल रवाना किया जाएगा।

