613 Kg Dodachura Seized in Agar Malwa: Consignment Worth ₹1.53 Crore, Accused Was Transporting It to Punjab|आगर मालवा में 613 किलो डोडाचूरा जब्त: 1.53 करोड़ की खेप, आरोपी पंजाब ले जा रहा था


आगर मालवा जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कोतवाली थाना पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक से भारी मात्रा में अवैध डोडाचूरा बरामद करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए डोडाचूरा, वाहन और अन्य सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 53 लाख 46 हजार रुपये आंकी गई है।

एएसपी रविंद्र कुमार बोयट के अनुसार, 21 मार्च 2026 को पुलिस को एक मुखबिर के जरिए सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना में बताया गया था कि एक कंटेनर ट्रक में सोया डीओसी की बोरियों के बीच अवैध डोडाचूरा छिपाकर ले जाया जा रहा है। यह ट्रक सारंगपुर-कानड़-आगर मार्ग से होते हुए सुसनेर के रास्ते पंजाब की ओर जा रहा था।

मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गणेश घाटी क्षेत्र में आगर-सारंगपुर रोड पर नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध कंटेनर ट्रक (क्रमांक PB-02-EQ-1281) को रोका गया। वाहन चालक ने अपना नाम विकर सिंह निवासी जिला तरन तारन, पंजाब बताया।

ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें रखी 325 बोरियों में से 31 बोरियों में डोडाचूरा छिपाकर रखा गया था। इन बोरियों का वजन करने पर कुल 613 किलो 600 ग्राम अवैध मादक पदार्थ बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो एंड्रायड मोबाइल फोन, नगद राशि, कंटेनर ट्रक और उससे संबंधित दस्तावेज भी जब्त किए हैं। जांच के दौरान आरोपी के पास मादक पदार्थ के परिवहन से जुड़ा कोई वैध लाइसेंस नहीं पाया गया।

इस मामले में कोतवाली थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *