![]()
जबलपुर से रविवार को लगभग 1500 श्रद्धालुओं का एक विशेष दल अयोध्या के लिए रवाना हुआ। मदनमहल रेलवे स्टेशन से ‘श्री रामलला अयोध्या धाम तीर्थ यात्रा’ के अंतर्गत इस विशेष ट्रेन को महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर विधायक अभिलाष पांडेय, अजय विश्वनाथी, रत्नेश सोनकर सहित कई जनप्रतिनिधि और साधु-संत उपस्थित रहे। स्टेशन परिसर ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गूंज उठा, जिससे वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो गया।
यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने बताया कि वे अयोध्या पहुंचकर श्री रामलला के दर्शन करेंगे। इसके साथ ही वे हनुमानगढ़ी सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे और सरयू नदी में स्नान भी करेंगे।
इस यात्रा का आयोजन संस्कारधारी कल्याणकारी एवं मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा किया गया है। समिति प्रतिवर्ष माता वैष्णो देवी यात्रा का आयोजन करती रही है, लेकिन इस बार विशेष रूप से श्री रामलला के दर्शन का संकल्प लेकर यह यात्रा आयोजित की गई है। समिति के पदाधिकारियों के अनुसार श्रद्धालुओं में इस यात्रा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं ने अपने परिवारों की सुख-शांति, समृद्धि और जबलपुर शहर की उन्नति के लिए मां नर्मदा, प्रभु श्रीराम और माता वैष्णो देवी से प्रार्थना की। यह यात्रा 24 मार्च को पूर्ण होगी और सभी श्रद्धालु उसी दिन जबलपुर लौट आएंगे।












Leave a Reply