![]()
ग्वालियर में महाराजपुरा थाना पुलिस ने किसान की हत्या के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की तलाश पिछले करीब एक महीने से की जा रही थी। पुलिस ने उसे शुक्रवार रात टिकरी इलाके में दबिश देकर पकड़ने में सफलता हासिल की। महाराजपुरा सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार के अनुसार 17 फरवरी को गिरगांव क्षेत्र में खेत में पानी देने को लेकर हुए विवाद में रामसिंह उर्फ डाल सिंह गुर्जर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद पुलिस ने मामले में लल्ला गुर्जर, सुमंत गुर्जर, सोनू गुर्जर, बब्बू गुर्जर, रामसेवक गुर्जर और दीपू गुर्जर को आरोपी बनाया था।
घटना के बाद महाराजपुरा थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया और सभी आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। इस मामले में एसएसपी धर्मवीर सिंह ने सभी आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस को शुक्रवार रात सूचना मिली कि फरार आरोपी लाला उर्फ बंटी पुत्र केशव सिंह, निवासी गिरगांव, टिकरी इलाके में देखा गया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी यशवंत गोयल, एसआई राजीव सोलंकी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके में घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर आरोपी वहां से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और हिरासत में ले लिया। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों सोनू गुर्जर और बब्बू उर्फ नरेंद्र गुर्जर को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, सुमंत गुर्जर, रामसेवक गुर्जर और दीपू गुर्जर अभी भी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार गिरगांव निवासी डालचंद गुर्जर (40) किसान थे और जन्म से ही बोलने और सुनने में असमर्थ थे। घटना के दिन वे अपने भाइयों के साथ खेत में पानी दे रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और विवाद के बाद उन पर हमला कर दिया तथा फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली डालचंद गुर्जर के सिर में लग गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तुरंत जयारोग्य अस्पताल समूह के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।












Leave a Reply